नोएडा को मिली देश की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग, एम्स जैसे अस्पताल की सौगातः-

नोएडा:-

           मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नोएडा में 2821 करोड़ रुपये की लागत से 20 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सेक्टर-38 ए में आयोजित जनसभा में सभी परियोजनाओं का एकसाथ लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। सेक्टर-38ए में देश की सबसे बड़ी मल्टीलेवल कार पार्किंग और जिला संयुक्त चिकित्सालय जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इससे नोएडा वासियों को खासी सुविधाएं मिलेंगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सेक्टर-38 ए स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग के निरीक्षण किया। यहां 7500 कारों को खड़ी करने की व्यवस्था है। इसे 2,30,186 वर्गमीटर क्षेत्र में 580 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। यहां दो बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर के अलावा छह तल हैं। इसके अलावा सेक्टर-5 में भी एक भूमिगत पार्किंग का निर्माण किया गया है। इन दोनों पार्किंग के संचालन के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया चल रही है। निरीक्षण के दौरान सीईओ रितु माहेश्वरी और जीएम राजीव त्यागी उपस्थित रहे।

अप्रैल में शुरू होगी नए अस्पताल में ओपीडी
करीब 344 करोड़ की लागत से सेक्टर-39 में बनाए गए जिला संयुक्त चिकित्सालय में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल 14732 वर्गमीटर में बनाया गया है। यहां 200 बेड के अलावा 40 बेड का ट्रॉमा सेंटर बनाया गया है। इस अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 72 आवास भी तैयार किए गए हैं। मरीजों व आगंतुकों को पार्किंग की परेशानी से बचाने के लिए तीन मंजिला बेसमेंट पार्किंग तैयार किया गया है। हालांकि इसके संचालन में कम से कम एक माह का समय लगेगा। यहां अप्रैल में ओपीडी शुरू हो जाएगी। इस बाबत 5 मार्च को लखनऊ में बैठक होगी, जिसमें इसके संचालन पर चर्चा की जाएगी। वहीं, अस्पताल में बेहतर सुविधाएं शुरू करने के लिए करीब 16 करोड़ रुपये का बजट मिलने वाला है।

तीन फुटओवर ब्रिज देंगे जनता को राहत
एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-145 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-163 को जोड़ने वाले, रोड नंबर-6 पर सेक्टर-62 व 63 के बीच और सेक्टर-71 व 72 के बीच तीन एफओबी बनाई गई है। इसमें से कुछ में अभी थोड़ा काम बचा हुआ है। लेकिन इनके शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह एफओबी व्यस्त सड़कों पर बनाई गई है। इन तीनों की लागत करीब 20 करोड़ है और इसे बिल्ट ऑपरेट ट्रांसफर (बीओटी) लेवल पर बनाया गया है।

विद्युत उपकेंद्रों से 7 लाख लोगों को होगा फायदा
सेक्टर-38ए में बिजली सब स्टेशन और लूप इन लूप आउट लाइनों से 7 लाख लोगों को फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाली में मदद मिलेगी। इससे सेक्टर-38, 29, 18, 19 के लोगों को फायदा होगा। इसके अलावा सेक्टर-38, 29, 18, 19 के लिए भी विद्युत आपूर्ति बहाली में मदद मिलेगी।

महिलाओं के लिए चार पिंक शौचालयों की सुविधा
सीएम ने सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशनर पर सेक्टर-2 की तरफ, सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर सेक्टर-3 की तरफ, सेक्टर-74 में नॉर्थ आई बिल्डिंग के पास एवं एमपी-2 मार्ग पर सेक्टर-28 केपास चार स्थानों महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनाए गए हैं। यहां महिलाओं के लिए कई प्रकार की सुविधा मिलेगी।
Share:

0 Comments:

Post a Comment